नाहन (सिरमौर)। विद्युत मंडल नाहन में बिजली बोर्ड की लेनदारी बढ़ती जा रही है। हजारों ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने बिजली से घरों को तो खूब रोशन किया लेकिन लंबे समय से बिजली बोर्ड को बिलों का भुगतान नहीं किया है। शहरी क्षेत्र नाहन सहित पूरे मंडल में 4500 के करीब उपभोक्ताओं ने यह राशि चुकता नहीं की है। इसमें न केवल घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता हैं बल्कि सरकारी महकमे भी बिलों का समय पर भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
करीब 60 लाख रुपये की राशि उपभोक्ताओं के पास फंसी है। बिलों का भुगतान न करने वालों पर विद्युत बोर्ड सख्त कार्रवाई करेगा। इसके लिए बोर्ड ने नोटिस देने की तैयारी कर ली है। जल्द ही डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेेजे जाएंगे जिसमें निर्धारित अवधि के भीतर बिजली बिलों का भुगतान करना होगा। बिजली बिलों का भुगतान न करने की एवज में विद्युत बोर्ड नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगा।
बता दें कि बोर्ड के नाहन मंडल में 23 हजार उपभोक्ता हैं। नाहन शहर में 15 हजार उपभोक्ता हैं। जबकि, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या आठ हजार है। शहर में बोर्ड को दो उपमंडल कार्यालय हैं, जिसमें उपमंडल एक शहरी क्षेत्र और उपमंडल-दो के पास ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था का जिम्मा है। ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 20 लाख रुपये की राशि लंबित है। जबकि शहरी क्षेत्र में 40 लाख की लेनदारी है। इसमें घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने 20-20 लाख रुपये की राशि का काफी समय से भुगतान नहीं किया है।
.......
जल्द भेजे जाएंगे नोटिस
बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को जल्द ही नोटिस भेजे जाएंगे। नाहन मंडल में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 60 लाख की बिल राशि लंबित है। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक और दो सरकारी महकमे भी हैं। ग्रामीण क्षेत्र के डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से 20 लाख और शहरी क्षेत्र से 40 लाख रुपये की जल्द रिकवरी की जाएगी।
- राहुल राणा, अधिशासी अभियंता, बिजली बोर्ड, नाहन मंडल।
.