नाहन/ददाहू (सिरमौर)। रेणुका थाना के अंतर्गत नाबालिग लड़की के साथ कथित दुराचार के मामले में पुलिस की जांच अब प्रसव की ओर मुड़ गई है। लड़की का आठ महीने में प्रसव नार्मल था या फिर जबरन प्रसव करवाया गया। इस मामले की जांच के लिए जमीन में दफन बच्चे के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि बच्चे की मृत्यु कैसे हुई।
नाबालिग के साथ हुए इस कथित दुराचार के मामले को एसपी सौम्या साम्बशिवन ने गंभीरता से लिया है। वह स्वयं उस स्थान तक पहुंची जहां नवजात बच्चे को दबाया गया था। बच्चे को किसने दबाया, इस बारे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि नाबालिग और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि मामला गंभीर है। लिहाजा, इसकी पूरी छानबीन की जा रही है। आरोपी और बच्चे दोनों का ही डीएनए करवाया जाएगा ताकि दुराचार के तथ्य पुलिस को मिल सके। वहीं बच्चे की मृत्यु कैसे हुई इस पहलु पर भी जांच की जा रही है। बच्चे का जन्म प्राकृतिक तौर पर हुआ या फिर जबरन करवाया गया। इसका खुलासा आईजीएमसी में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेजा गया है।
उधर, बुधवार को एसपी सौम्या ने फिर रेणुका का दौरा करते हुए इस मामले की अपडेट ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।