छोछी गांव में दीपक के घर के समीप खड़ी एनआईए व पुलिस टीम गाडियां।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गैंगस्टर चीकू और उसके साले के घर छापेमारी
नारनौल में सुबह करीब पांच बजे एनआईए ने गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चीकू के गांव मोहनपुर व उसके साले के हुडा स्थित मकान पर दबिश दी। इसके बाद गैंगस्टर के घर गांव मोहनपुर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। टीम कुछ दस्तावेज के अलावा सुरेंद्र उर्फ चीकू को भी अपने ले गई।
नीरज बवाना के भाई के घर से डीवीआर जब्त
झज्जर के छोछी गांव में दीपक उर्फ निक्कू के घर पर एनआईए की टीम ने सुबह पांच बजे दस्तक दी। दीपक गैंगस्टर नीरज बवाना की मौसी का लड़का है। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई के बाद टीम सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर व कुछ कागजात ले गई। दीपक मधुबन में रहता है और उसकी पत्नी हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है।
रोहतक में शराब कारोबारी सहित दो जगह छापेमारी
रोहतक के सेक्टर एक में सुबह आठ बजे शराब कारोबारी रवींद्र मलिक के घर पहुंची। टीम ने यहां करीब तीन घंटे छानबीन की। टीम यहां से कुछ दस्तावेज लेकर लौट गई। एनआईए की दूसरी टीम रिटौली स्थित हिमांशु उर्फ भाऊ के घर पहुंची। यहां टीम ने करीब डेढ़ घंटे से अधिक छानबीन की।
गैंगस्टर कौशल के गुर्गे संदीप के घर की ली तलाशी
गुरुग्राम में गैंगस्टर कौशल चौधरी के ठिकाने और उसके गुर्गों के आवास पर छापेमारी की गई। सुबह छह बजे ही एनआईए की टीम कुख्यात संदीप उर्फ बंदर के घर पहुंची गई। एनआईए का यह अभियान पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में प्रयोग किए गए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से भी जुड़ा था। करीब पांच घंटों तक जांच करने के बाद एनआईए टीम सुबह 11 बजे यहां से वापस चली गई। टीम यहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई है।