पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के मुख्य बाजार में एक महिला ने एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ठग महिला ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुई। मौका देख कर बड़ी सफाई के साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की भनक लगते ही ज्वेलर ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। इसके बाद पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने समेत जांच में जुट गई है ताकि ठग महिला की पहचान करने पर गिरफ्तार किया जा सके।
पांवटा के हीरपुर निवासी सर्वजीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें कहा है कि वीरवार, 4 मई 2017 को पौने 3 बजे एक महिला दुकान में आई थी। ज्वेलरी (टॉप्स) दिखाने के लिए कहा। फिर बिना खरीदारी के यह कहते हुए चली गई कि पास दुकान में पति खड़े हैं उनसे पैसे लेकर आती हूं लेकिन वापिस नहीं लौटी। संदेह होने पर ज्वेलर ने पाया कि दुकान से करीब 4.650 ग्राम के ज्वेलरी (बाली छोटी व बड़ी) गायब हैं। इसके बाद ठग महिला की तलाश शुरू कर दी लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शुक्रवार शाम ज्वेलर ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। अज्ञात महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा-380 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। मुख्य बाजार स्थित धीर ज्वेलर्स शॉप व आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी जिससे ज्वेलरी शॉप से 4.650 ग्राम सोने की ज्वेलरी चोरी करने वाली आरोपी महिला का पता चल सकें। इस मामले की जांच जारी है।