सरकारी सीमेंट के दुरुपयोग का भंडाफोड़
निजी मकान में प्रयोग किया जा रहा था सरकारी सीमेंट
माजरा पुलिस की टीम ने दबिश देकर रोका निर्माण कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की टीम ने सरकारी सीमेंट के दुरुपयोग का भंडाफोड़ किया है। विकास कार्यों के लिए जारी सरकारी सीमेंट को एक व्यक्ति को निजी मकान में इस्तेमाल करते हुए दबोचा गया है। मौके पर दबिश देकर माजरा पुलिस की टीम ने सीमेंट के 13 बैग समेत इस्तेमाल किए गए 17 खाली बैग भी बरामद किए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक माजरा पुलिस टीम सोमवार रात को गश्त पर निकली थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ठेकेदार ने सरकारी सीमेंट कोटड़ी व्यास निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया है, जिसका अवैध रूप से रिहायशी भवन में इस्तेमाल किया जा रहा है। सूचना मिलने पर माजरा पुलिस थाना के एएसआई राजपाल, एएसआई हरदेव सिंह और मुख्य आरक्षी नवीन कुमार की टीम मौके के लिए रवाना हुई। टीम को दी गई सूचना सही निकली। पुलिस के अनुसार कोटड़ी व्यास निवासी एक व्यक्ति के रिहायशी मकान से सरकारी सीमेंट (नोट फॉर सेल) के 13 बैग भरे हुए और इसी ब्रांड के 17 खाली सीमेंट बैग मौके पर बरामद किए गए। इसके बाद बाद ठेकेदार और निजी मकान में सरकारी सीमेंट का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, एसएचओ माजरा एमएस चौहान ने कहा कि सरकारी सीमेंट बेचने वाले ठेकेदार और खरीदार के खिलाफ आईपीसी की धारा-406 व 411 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ ने बताया कि सरकारी सीमेंट को अवैध रूप से बेचने और निजी भवन में इस्तेमाल करने के मामले की गहनता से जांच की जा रही है।