अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
शातिरों ने एक फौजी का एटीएम बदलकर एक लाख 91 हजार रुपये खाते से निकाल दिए। हालांकि, इतनी भारी भरकम राशि एक साथ खाते से नहीं निकाली गई। शातिरों ने अलग-अलग तिथियों में एटीएम कार्ड की लिमिट के हिसाब से बैंक को अपने खाते में ट्रांसफर कर दिया। इस मामले में फौजी ने पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फौजी जब किसी काम से कालाअंब गया हुआ था तो इस दौरान एटीएम में उसका एटीएम बदल दिया गया। हालांकि, उसे इस दौरान एटीएम के बदले जाने का पता नहीं चला लेकिन जब उसके खाते से ट्रांजेक्शन होने लगी तो उसे एटीएम के बदलने जाने की आशंका हुई।
नाहन तहसील के तहत आने वाली बनकला पंचायत के भूड़पुर निवासी शुभम पुत्र भुपाल सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि वह पिछले दिनों सेना से छुट्टी लेकर घर आया हुआ है। किसी ने कालाअंब स्टेट बैंक में इसका एटीएम कार्ड बदल कर एक लाख 91 हजार 500 रुपये कई एटीएम से निकाल दिए।
शिकायत में बताया गया है कि इसके एटीएम से एक मई को 40,000 रुपये खाते से निकाले गए। इसके बाद इतनी ही राशि एसबीआई जीरकपुर से निकाली गई। दो मई को किसी नीलम देवी के खाते में 40,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके बाद सीआरपीएफ कैंपस हैलो मचराचा से 40 हजार रुपये कैश निकाला। तीन मई को एसबीआई हिसार कैंट से 30 हजार रुपये कैश निकाले गए। इसी दिन हिसार के अन्य एटीएम से 1500 रुपये निकाले गए। कुल मिलाकर इसके खाते से 1 लाख 91 हजार 500 रुपये निकाले गए हैं।
उधर, एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।