ददाहू (सिरमौर)।
रेणुका थाना के अंतर्गत लगभग 11 हजार कीमत की विद्युत बोर्ड की पांच बंडल सर्विस वायर चोरी कर शातिर फरार हो गए लेकिन पुलिस ने कड़ी नाकेबंदी के बाद शातिर चोरों को दबोच लिया।
चोरी का अंजाम देने वाले दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया है, जबकि एक फरार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़े गए दोनों ही आरोपी पिछले कुछ दिनों से विद्युत सब स्टेशन के नजदीक फल बेचने का धंधा कर रहे थे। जैसे यहां तारों के बंडल पहुंचे उन्होंने चोरी को अंजाम दिया।
शनिवार देर शाम को स्टोर के पिछले हिस्से का ताला तोड़कर इन शातिरों ने तारों के पांच बंडल चुरा लिए। विद्युत बोर्ड ने चोरी की रिपोर्ट थाना में दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोचने के लिए जाल बिछाया। थाना रेणुका के थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले सहारनपुर निवासी गुलफाम और मजीद को गिरफ्तार किया गया है। नाकेबंदी के दौरान उन्हें दबोचा गया। जबकि सूलेमान अभी फरार चल रहा है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
---------------