पांवटा साहिब (सिरमौर)।
बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड सख्त हो गया है। धौलाकुआं उपमंडल के अंतर्गत बिल जमा नहीं करने पर लगभग 62 घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन बोर्ड ने काट दिए हैं। बोर्ड ने 739 उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द बिल जमा करने को लेकर नोटिस थमाए थे लेकिन उपभोक्ताओं ने इसकी कोई परवाह नहीं की। नोटिस में साफ चेतावनी दी गई थी कि यदि दो सप्ताह के भीतर बिजली बिल जमा नहीं हुए तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
धौलाकुआं विद्युत उपमंडल में सैकड़ों उपभोक्ता बिल की रकम दबाकर बैठे हैं। बोर्ड के लगभग 19 लाख रुपये उपभोक्ताओं के पास फंसे हुए हैं। उपमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुरुवाला, अमरगढ़, मिश्रवाला, माजरा व सूरजपुर समेत आसपास लगते गांव के 739 लापरवाह घरेलू उपभोक्ताओं को बोर्ड की टीम ने नोटिस जारी किए थे। उन्हें दो सप्ताह के भीतर बिजली बिल जमा करने के आदेश दिए गए हैं।
बोर्ड ने चेतावनी दी थी कि दो सप्ताह के भीतर लंबित बिल जमा नहीं किए गए तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे लेकिन कई उपभोक्ताओं ने इसकी परवाह नहीं की। लिहाजा बोर्ड ने कनेक्शन काटने का कार्य आरंभ कर दिया है। अब तक बोर्ड की टीम 62 कनेक्शन काट चुकी है। उधर, सहायक अभियंता धौलाकुआं संजीव गुप्ता व कनिष्ठ अभियंता अशोकेंद्र कश्यप ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से घरेलू उपभोक्ताओं के लंबित बिल जमा नहीं हुए हैं। बोर्ड के पास सख्ती बरतने के अलावा अब कोई दूसरा चारा नहीं है। बोर्ड ने नोटिस भेजने के बाद अब कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।