अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा के गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में ज्वालापुर के समीप हिट एंड रन मामला पेश आया है जिसमें एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सिंगपुरा निवासी अनूप कुमार के रुप में हुई है जो कि एक इकाई में कार्यरत था।
हादसा शुक्रवार देर रात को पेश आया। रात दो बजे पांवटा से राजपुर लौट रही एक 108 एंबुलेंस जब गोंदपुर ज्वालापुर के समीप पहुंची तो देखा कि सड़क पर एक युवक पड़ा था जिसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी तथा सिर से खून निकल कर सड़क पर बह रहा था। एंबुलेंस कर्मियों ने जांच के बाद पाया कि युवक की मौत हो चुकी है।
ईएमटी भूपेंद्र सिंह व पायलट यूसुफ अली ने उसी समय राजबन पुलिस चौकी में सूचना दे दी। जहां युवक का शव बरामद हुआ उससे करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर युवक की बाइक खड़ी थी। मौके पर पहुंचे राजबन पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी रामकुमार व उनकी टीम ने शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचित किया। शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। राजबन पुलिस चौकी टीम इस मामले की जांच कर रही है। हिट एंड रन मामले में आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया गया है।
--गोंदपुर में वाहन की टक्कर से युवक की मौत
औद्योगिक इकाई में कार्यरत था युवक, आरोपी चालक वाहन समेत फरार
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जांच शुरू