फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुतला दहन को लेकर भिड़े पुलिस-भाजपाई

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। गैंगरेप के बाद गुड़िया की हत्या और कोतवाली में आरोपी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भाजपाइयों के साथ पुलिस की झड़प हो गई। मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने को लेकर डीसी कार्यालय के बाहर धक्कामुक्की और हाथापाई तक की नौबत आ गई। अंतत: भाजपाइयों ने पुलिस से पुतला छीन लिया। छीनाझपटी में पुतले के टुकड़े-टुकड़े हो गए जिसे डीसी कार्यालय के प्रांगण में ही सुपुर्द-ए-आग कर दिया गया।
इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। वहीं, भाजपा नेताओं ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों पर कांग्रेस के इशारे पर इस तरह का कार्य करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन के बाद एडीसी के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।
विज्ञापन

शुक्रवार को नया बाजार स्थित पार्टी कार्यालय से भाजपा का जिला स्तरीय प्रदर्शन शुरू हुआ। मशालें जलाकर भाजपाई प्रदर्शन पर निकले। चौगान मैदान से होते हुए दिल्ली गेट पहुंचने पर भाजपा के प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर तक नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। इसके बाद यहां से रैली उपायुक्त कार्यालय की ओर निकली। उपायुक्त कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच एक वाहन में सीएम वीरभद्र सिंह का पुतला लाया गया जिसे पार्टी के कार्यकर्ता जलाने ही वाले थे कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसे छीनने का प्रयास किया।
पुतले के लिए काफी देर तक छीना-झपटी हुई। हालांकि, भाजपाई पुतला छीनने में कामयाब हो गए और उसे आग भी लगा दी लेकिन पुतला छीनने की पुलिस कार्रवाई से गुस्साए कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस धक्कामुक्की में भाजपा के एक कार्यकर्ता की शर्ट भी फट गई।
इस दौरान नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने यहां तक आरोप लगाए कि सब कांग्रेसियों के इशारे पर काम कर रहे हैं। जब प्रधानमंत्री का पुतला जलाया जाता है तो यही पुलिस कर्मचारी तमाशा देखते हैं, लेकिन जब सीएम का पुतला जलाने के प्रयास होते हैं तो बल का प्रयोग किया जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की ही नहीं की बल्कि लाठियां भी भांजी। इसके बाद तमाम कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के भीतर पहुंचे और धरने पर बैठे गए। बिंदल ने एडीसी से पूछा कि किसके आदेश पर पुतला जलाने से प्रदर्शनकारियों को रोका गया। किस आधार पर यह निर्देश दिए गए। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कानून में इसका प्रावधान है तो इसकी प्रति मुहैया करवाई जाए। बिंदल ने अपने संबोधन में यह तक कह दिया कि अब सरकार हमारी आने वाली है। ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों की हम ईंट से ईंट बजा देंगे।
विज्ञापन

-----------
यह रहे प्रदर्शन में मौजूद
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सीपीएस सुख राम चौधरी, नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल, शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, पच्छाद के सुरेश कश्यप, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव भंडारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलबीर चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप राणा समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा आदि के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--पुतला दहन को लेकर भिड़े पुलिस-भाजपाई
--उपायुक्त कार्यालय के बाहर जला दिया मुख्यमंत्री का पुतला
--पूरे शहर में निकाली विरोध रैली, कुछ मिनट तक रहाचक्का जाम
गुड़िया प्रकरण को लेकर भाजपा का जिला स्तरीय प्रदर्शन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें