पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब-सतौन-शिलाई एनएच-707 पर तारुवाला के समीप ट्रक की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पांवटा थाना पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
तारुवाला निवासी राकेश कुमार पुत्र बारु राम निवासी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को त्रिलोचन सिंह (75) पुत्र स्व. प्रकाश सिंह निवासी गांव तारुवाला पांवटा साहिब सड़क पार करके दुकान की तरफ आ रहा था। इसी बीच ट्रक चालक यूनियन कार्यालय से चालक ट्रक लेकर निकला। सड़क पार कर रहा बुजुर्ग त्रिलोचन सिंह ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उठाया व उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई। शिकायत मिलने पर पांवटा थाना के पीएसआई आशीष कौशल की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने कहा कि मामले की जांच जारी है।