संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के सियूं गांव में पुलिस ने दबिश देकर 123 लीटर लाहन और 3 लीटर शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के प्राप्त जानकारी के अनुसार संगड़ाह पुलिस को इसके बारे में गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस थाना प्रभारी जीतराम भारद्वाज के अनुसार एएसआई खमेश चंद्र किसी तहकीकात के सिलसिले में बाउनल काकोग पंचायत के मोहतू गांव गए थे, जहां उन्हें शराब के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली। पुलिस को बताया गया कि सियूं में एक व्यक्ति पिछले लंबे समय से अवैध शराब निकालने और बेचने का धंधा कर रहा है। इससे गांव में अराजकता फैल रही है। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ तुरंत ग्राम सियूं के लिए रवाना हुए। देर शाम पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, पुलिस के गांव में आने की सूचना मिलते ही आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र टीकाराम घर से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसके कमरे का ताला तुड़वाया। सत्यप्रकाश के कमरे की तलाशी के दौरान 123 लीटर लाहन और 3 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। एएसआई खमेश चंद्र ने सत्यप्रकाश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जीतराम भारद्वाज ने बताया कि पकड़ी गई लाहन अब तक की सर्वाधिक खेप है। उन्होंने बताया कि आरोपी को ढूंढने के लिए पुलिस दल को भेजा गया है। पुलिस उसे शीघ्र गिरफ्तार करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अवैध शराब के मामले की जांच तेज कर दी है।