देहरादून-पांवटा एनएच-7 पर मोगीनंद बाईपास के समीप शुक्रवार सुबह एक बाइक एचआरटीसी की बस से टकरा गई। बस और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पांवटा साहिब में मोगीनंद बाईपास के समीप एचआरटीसी बस और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई।
पांवटा साहिब के तहत ही अमरकोट में रह रहा मूल रूप से नेपाल निवासी रविंद्र सिंह (27) पुत्र अमर सिंह एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। सुबह बाइक पर सवार होकर वह कहीं जा रहा था कि होटल पांवटा वैली और होटल ब्राइटन के समीप बस और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया।
स्थानीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. भगत ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे नाहन मेडिकल कॉलेज लेकर आ रहे थे लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। बताया जा रहा है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन ने पीड़ित के परिजनों को फौरी रूप से 10 हजार राशि की आर्थिक मदद प्रदान की थी लेकिन, परिजनों ने राशि को नहीं लिया।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक राशीद शेख ने कहा कि पुलिस हादसे को लेकर जांच कर रही है। हादसे के बाद पांवटा साहिब से दूसरी बस में यात्रियों को गंतव्य स्थल की तरफ रवाना कर दिया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।