नौहराधार में आयोजित चूडेश्वर सेवा समिति की बैठक में उपस्थित समिति के सदस्य।
- फोटो : NAHAN
नौहराधार(सिरमौर)। चूड़ेश्वर सेवा समिति की नौहराधार इकाई ने नौहराधार से चूड़धार के लिए बने रहे ट्रेकिंग रूट का सही ढंग से कार्य न होने पर रोष जताया है। इकाई ने इसके निरीक्षण के लिए कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी आगामी रविवार को कार्य स्थल का निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट केंद्रीय कमेटी और लोक निर्माण विभाग को भेजेगी।
चूड़ेश्वर सेवा समिति की नौहराधार इकाई की अहम बैठक इकाई अध्यक्ष जोगेंद्र चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नौहराधार से चूड़धार के लिए करीब डेढ़ करोड़ की लागत से बन रहे ट्रेकिंग रूट को ठेकेदार की ओर से सही ढंग से न बनाए जाने और घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर आपत्ति जताई। इकाई पदाधिकारियों ने कहा कि ठेकेदार मनमर्जी से कार्य कर रहा है। यह कार्य नौहराधार से शुरू होना चाहिए था लेकिन ठेकेदार ने इस कार्य बीच से शुरू किया है।
इकाई ने इस दौरान एक निरीक्षण कमेटी भी गठित की। यह कमेटी कार्य स्थल पर जाकर निरीक्षण करेगी और कार्य की गुणवत्ता जांचेगी। इस निरीक्षण कमेटी में अशोक ठाकुर, जोगेंद्र चौहान, राजेन्द्र चौहान, भगत सिंह, शमशेर, रणविजय कपिल ठाकुर को शामिल किया गया है। साथ ही निर्णय लिया गया कि कमेटी आगामी रविवार को कार्य स्थल का निरीक्षण करेगी। ठेकेदार की ओर से किए जा रहे कार्य का पूरा ब्योरा लेकर केंद्रीय कमेटी और लोक निर्माण विभाग को भेजेगी।
कमेटी पदाधिकरियों ने कहा कि कार्य में गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चूड़ेश्वर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने तीसरी से आगे हेलीपैड बनाने की मांग भी सरकार से की है। बैठक में पंचायत प्रधान राजेंद्र सिंह, तुलसीराम चौहान, भूपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अशोक चौहान और इंद्रपाल चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।