शिव मंदिर डोरियोवाला में चोरी की वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर।
- फोटो : NAHAN
पुरुवाला (सिरमौर)। पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत फूलपुर शमशेरगढ़ पंचायत के वार्ड नंबर-1 शिव मंदिर डोरियोंवाला में चोरी की वारदात हुई है। चोरी की वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे मूर्तियों के शीशे तोड़े गए। सीसीटीवी कैमरे में एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति नजर आ रहा है। अधेड़ व्यक्ति रविवार को डेढ़ बजे मंदिर में भूसा और हाथ में पत्थर लेकर घुसा।
वह पांच मूर्तियों के फ्रेम के शीशे तोड़ने में लग गया। दानपेटी को उसने नहीं छेड़ा लेकिन पांचों मूर्तियों के शीशे तोड़कर वहां रखा कैश ले गया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि चोरी के दौरान चोर के हाथ में चोट भी आई है। उसके हाथ से खून की कई बंदू टपककर नीचे गिरी हैं। लोगों ने वायरल वीडियो देखने के बाद इसकी सूचना राजबन पुलिस चौकी और मंदिर कमेटी को दी।
इसके बाद पुलिस कर्मी भागवत प्रसाद और भूरा खान मौके पर पहुंचे। वह सीसीटीवी की फुटेज अपने साथ ले गए। बहरहाल अभी तक चोरी करने वाले का सुराग हाथ नहीं लगा है। डीएसपी बीर बहादुर सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज लिए जा चुके हैं। पुलिस जांच में जुटी है।