राजगढ़ (सिरमौर)। बीएसएनएल ने राजगढ़ शहर के बाद सरोट स्थित टावर से भी 4जी इंटरनेट सेवा प्रारंभ कर दी है। इससे अब राजगढ़ शहर के समीप लगती दाहन, बोहल टालिया, भाणत और सैर जगास पंचायतों के दर्जनों गांव के मोबाइल धारकों को इंटरनेट की अच्छी स्पीड मिलेगी।
बीएसएनएल के डिविजनल इंजीनियर विजय कुमार ने बताया कि राजगढ़ शहर में पिछले दिनों बीएसएनएल 4जी इंटरनेट सुविधा प्रारंभ की गई थी जिसे आगे बढ़ाते हुए अब सरोट स्थित बीएसएनएल टावर को भी 4जी कर दिया गया है। इसके चलते बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ताओं को राजगढ़ शहर के अतिरिक्त समीपवर्ती क्षेत्रों में भी अब इंटरनेट की अच्छी स्पीड मिलनी प्रारंभ हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल के उपभोक्ता जिनके पास 3जी सिम है, वह उसे अपग्रेड करवा कर 4जी करवा लें और अच्छी इंटरनेट स्पीड का आनंद उठाएं। यह सुविधा मिलने से उपभोक्ताओं को सस्ते दामों पर अच्छी इंटरनेट स्पीड का लाभ होगा।