सतौन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कफोटा क्षेत्र में 20 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सतौन में डिग्री कॉलेज और कफोटा में चिकित्सा खंड अधिकारी कार्यालय खोलने, बालीकोटी और हलाहां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की।
एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 11.61 करोड़ रुपये के तीन लोकार्पण और 8.14 करोड़ रुपये के 11 शिलान्यास किए। उन्होंने कफोटा में उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) कार्यालय, 11.15 करोड़ से निर्मित राजकीय महाविद्यालय कफोटा के भवन और ग्राम पंचायत कोटापब में कियाना बस्ती के लिए 46 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया।
उन्होंने राजकीय डिग्री कॉलेज कफोटा के परिसर में पौधरोपण किया और उपंमडलाधिकारी कार्यालय परिसर में अर्जुन का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत तहसील शिलाई में खुन बाग और धोची व्यास बिजुई के लिए सोलर आधारित 1.01 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली जलापूर्ति योजना, नाबार्ड के अंतर्गत तहसील पांवटा साहिब में 1.60 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना कंडू चियोग-थाना, नाबार्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडू चियोग में 60 लाख रुपये लागत से निर्मित होने वाली बहाव सिंचाई योजना सैंगा, तहसील कामरू की ग्राम पंचायत चांदनी के लिए 1.03 करोड़ से निर्मित होने वाली भू-जल जलापूर्ति योजना, 1.38 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिंबी और कमरऊ में 2.53 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास किया।
इससे पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घोषणाओं की झड़ी लगाई। उन्होंने काहरका और शिल्ली अगाद में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने, पीएचसी जाखना में 10 बिस्तर उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के कुछ स्कूलों के स्तरोन्नयन की भी घोषणा की। साथ ही क्षेत्र की संपर्क सड़कों के लिए पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था करने, सतौन में उप-तहसील खोलने और कफोटा में मुद्रिका बस चलाने की भी घोषणा की। उन्होंने कफोटा डिग्री कॉलेज का नाम स्वामी विवेकानंद और डिग्री कॉलेज शिलाई को वीर सावरकर के नाम पर नामित करने की भी घोषणा की।
उन्होंने जाखना में स्पोर्ट्स हॉस्टल शुरू करने और आयोजन स्थल पाब मैदान के लिए 10 लाख देने की भी घोषणा की। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, सांसद सुरेश कश्यप, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता के अलावा उपायुक्त सिरमौर आरके गौतम, एसपी सिरमौर ओमापति जंवाल आदि कई प्रशासनिक और विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।