इंजन प्रणाली और आधुनिक मशीनों के संचालन की हासिल की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनकला के व्यावसायिक शिक्षा (ऑटोमोबाइल ट्रेड) के 10वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण (ओजीटी) आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को फ्रंटियर एलॉय स्टील लिमिटेड, तपन हुंडई, पांवटा साहिब और उषा संस ऑटो कंपोनेंट्स लिमिटेड शंभूवाला ले जाया गया।
इस दौरान उन्हें वाहन इंजन प्रणाली, सर्विसिंग एवं मेंटेनेंस, ऑटोमोबाइल पार्ट्स निर्माण, आधुनिक मशीनों का संचालन, औद्योगिक सुरक्षा मानक, गुणवत्ता नियंत्रण और कार्यस्थल अनुशासन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने औद्योगिक मशीनों को कार्य करते देखा और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया, जिससे उनकी तकनीकी समझ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन व्यावसायिक प्रशिक्षक डॉ. कुलदीप ठाकुर और कमलजीत चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए शिक्षिकाएं मनीषा रानी और रीता जोशी भी उनके साथ उपस्थित रहीं।