राउवि कैंट नाहन में पालियो बूथ पर बच्चे को पोलियो दवा पिलाती आंगनवाडी कार्यकर्ता।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को 43736 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने 538 पोलियो बूथ जिला के पांच स्वास्थ्य खंडों में स्थापित किए थे।
विभाग की ओर से 60803 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें पहले दिन रविवार को 72 फीसदी बच्चों को दवाई पिलाई गई। विभागीय जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य खंड धगेड़ा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित 98 बूथों पर 10461, स्वास्थ्य खंड राजपुरा में शहरी व ग्रामीण में बनाए 138 बूथ पर 15420 बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई।
इसी तरह संगड़ाह खंड में 82 बूथों पर 5433, शिलाई स्वास्थ्य खंड में 100 बूथों पर 4558 और पच्छाद खंड के 120 बूथों पर 7864 बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार गौतम और जिला पोलियो प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद सांगल ने बताया कि रविवार को पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत 43736 बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई। यह निर्धारित लक्ष्य का 72 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि दवाई पीने से छूटे बच्चों को सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर दवाई पिलाई जाएगी।