भगानी में सीज किए ट्रैक्टर के साथ वन विभाग की टीम।
- फोटो : NAHAN
पुरुवाला (सिरमौर)। वनमंडल पांवटा के वन परिक्षेत्र भंगानी की टीम ने अवैध खनन करने पर एक ट्रैक्टर को सीज करके उसके मालिक से 27 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। विभाग को सूचना मिली थी कि भंगानी वन क्षेत्र के निकट एक ट्रैक्टर चालक आरक्षित वन क्षेत्र में लगातार अवैध खनन करने में जुटा है। विभाग को चकमा देकर कई बार अवैध खनन सामग्री को ठिकाने लगा चुका है।
यह सूचना हाथ लगने पर वन खंड अधिकारी भंगानी हर्षवर्धन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम में शामिल वन खंड अधिकारी भंगानी हर्षवर्धन, वन रक्षक कपिल, बलबीर, रोहित और वनकर्मी किशन ने योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र में छापामारी करके मौके पर ही ट्रैक्टर को दबोच लिया।
टीम ने उसे वन परिक्षेत्र कार्यालय के परिसर में लगाया और वहां उसके मालिक से 27 हजार रुपये जुर्माना वसूला। डीएफओ पांवटा कुणाल अंग्रीश ने इसकी पुष्टि की है।