आनी (कुल्लू)। पुलिस थाना आनी के तहत नगान में एक महिला से 593 ग्राम चरस पकड़ी गई है। महिला परिवहन निगम की बस में चरस ले जा रही थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आनी पुलिस का दल अन्वेषणाधिकारी ओम प्रकाश की अगुवाई में दोगला पुल नगान में समीप सोमवार सुबह गश्त कर रहा था। सुबह करीब 9:25 बजे श्वाड़ की तरफ से आ रही परिवहन निगम बस (एचपी 06-9314) को पुलिस ने रोका। बस सवारियों से भरी थी।
टीम ने चालक ओम प्रकाश और परिचालक किरण सिंह की मौजूदगी में बस में बैठी सवारियों के सामान की तलाशी ली। बस की सीट नंबर 19 पर एक महिला बैठी थी, जो पुलिस को देखकर काफी घबरा गई। सीट के नीचे महिला ने एक नीले रंग का थैला रखा था। जब महिला से बैग के बारे में पूछा गया तो वह संतोषजनक जवाब ने दे पाई। उसने अपना नाम डोलमा देवी (34), पत्नी स्व. राज कुमार, गांव कदैरना, डाकघर लगौटी, तहसील आनी, जिला कुल्लू बताया और बैग को अपना बताया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें चरस पाई गई। इसका भार 593 ग्राम निकला। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने 593 ग्राम चरस के साथ एक महिला को पकड़ा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
--