रिकांगपिओ (कन्निौर)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर अपूर्व देवगन ने बताया कि जिले में मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर किन्नौर-68 विधानसभा क्षेत्र में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 129 स्थानों पर मतदान केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र के तहत 30 अक्तूबर को मतदान के दिन कुल 57,728 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 28791 पुरुष और 28,937 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 1123 मतदाता और 908 दिव्यांग मतदाता हैं। इनमें से 157 मतदाताओं ने अपने घर से ही मताधिकार का प्रयोग किया है, जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 132 मतदाता और 25 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि 30 अक्तूबर को प्रात: 8 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग का आग्रह किया है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिन मतदाताओं के पास मतदाता फोटो पहचान पत्र नहीं हैं, वे भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों को दिखाकर भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, जिनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों, डाकघरों की ओर से जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजनाओं के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के तहत आरजीआई की ओर से जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, राज्य, केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, विधानसभा परिषदों की ओर से जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र शामिल हैं।