झाकड़ी स्कूल में कोरोना वैक्सीन लगवाती छात्रा।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में 15 से 18 वर्ष के छात्र-छात्राओं ने काफी उत्साह दिखाया है। स्वास्थ्य विभाग ने 88 फीसदी टीकाकरण पूरा कर लिया है। शुक्रवार तक रामपुर के 63 स्कूलों में 4550 किशारों का सफलतापूर्वक टीकाकरण पूरा कर लिया गया। शेष बचे किशारों के लिए सोमवार से टीकाकरण अभियान चलेगा।
खराब मौसम के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान को सफल बनाया है। अब तक 63 स्कूलों में 4550 बच्चों को टीका लग चुका है, जबकि विभाग ने कुल 5260 बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शेष 710 बच्चों को सोमवार से चयनित स्थानों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले ही चरण में अधिकतर क्षेत्रों में टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। विकास खंड के दुर्गम क्षेत्र काशापाट, कूट, क्याव, किन्फी, मुनीश बाहली, दरकाली, नरैंण और जराशी में भारी बर्फबारी के बीच भी स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान को पूरा कर लिया है। ग्रामीण इलाकों में 100 प्रतिशत टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि शहरी क्षेत्रों में छुट्टी होने के कारण कुछ किशोर छूट गए हैं, जिनका सोमवार से टीकाकरण किया जाएगा। सोमवार को रामपुर और मंगलवार को ज्यूरी में वैक्सीन लगाई जाएगी। वहीं तकलेच और सराहन में भी वैक्सीनेशन होगी। पहली डोज लगा चुके छात्रों को दूसरी डोज 28 दिन बाद लगेगी।
खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि विभाग ने 15 से 18 वर्ष तक के 88 प्रतिशत किशारों को कोरोना का पहला टीका लगा लिया है। शेष बचे बच्चों का सोमवार से टीकाकरण होगा। बच्चों को दूसरी डोज 28 दिन बाद लगेगी। इसके लिए फरवरी माह में फिर से टीकाकरण अभियान शुरू होगा।