आनी (कुल्लू)। कुल्लू जिला के आनी विस क्षेत्र को इसलिए वाह्य सिराज का नाम दिया गया है, क्योंकि बर्फबारी के बाद यह विस क्षेत्र जिले से कई महीनों तक अलग-थलग पड़ जाता है। एनएच बनने के बार अब क्षेत्र के लोगों को आस थी कि अब सड़क बर्फबारी के तुरंत बाद बहाल हो जाएगी, लेकिन बर्फबारी के चार दिन बाद भी एनएच-305 पर बंजार सबडिवीजन की तरफ सड़क को बहाल नहीं किया जा सका है, जबकि खनाग से जलोड़ीजोत की तरफ सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। आनी सबडिवीजन जल्द जलोड़ीजोत तक सड़क को बहाल करने जुटा हुआ है।
बंजार सबडिवीजन के जलोड़ीजोत से लेकर शोजा तक करीब पांच किमी सड़क अभी तक बहाल होनी बाकी है, जिसके चलते आनी क्षेत्र की जनता जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचने के लिए जोखिम भरा पांच किमी का पैदल सफर तय कर रही है। आनी विस क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी परसराम ने एनएच प्राधिकरण से तुरंत सड़क बहाल करने की मांग उठाई है।
आनी सबडिवीजन के एसडीओ धन सिंह शर्मा का कहना है कि जलोड़ीजोत तक सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, सड़क जल्द बहाल कर दी जाएगी।