खस्ताहाल सुंडा सनेई मार्ग पर खतरे के साये में सफर कर रही हजारों की आबादी।
- फोटो : RAMPUR-HP
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के अंतर्गत डंसा पंचायत के ऊपरी गांव को जोड़ने वाली सुंडा-सनई सड़क की दयनीय हालत के चलते वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। मजबूरी में सैकड़ों ग्रामीण रोजाना खतरे के साये में सफर करने को मजबूर हैं। क्षेत्र की जनता बीते लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की गुहार लोक निर्माण विभाग से करते आ रहे हैं, लेकिन विभाग की लचर कार्यशैली के चलते सड़क गड्ढों में तबदील हो गई है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष है।
बताते चलें कि सुंडा से जगूनी तक साढ़े पांच किलोमीटर की सड़क का क्षेत्र प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के अधीन आता है। इसके बाद दो किलोमीटर सड़क का हिस्सा राज्य लोक निर्माण विभाग के अधीन है। विभाग की लापरवाही के चलते सुंडा से जगूनी तक पीएमजेएसवाई से निर्मित सड़क मरम्मत कार्य का जिम्मा ठेकेदार को पांच साल की अवधि तय की जाती है, लेकिन विभाग और ठेकेदार की मनमानी के चलते अंतिम वर्ष के कार्य को नहीं करने से सड़क पर पूर्व में की गई टारिंग जगह-जगह उखड़ने रही है। इससे सड़क की हालत दयनीय हो चुकी है। जगूनी से आगे सनेई तक करीब दो किलोमीटर सड़क भी गड्ढों में तबदील हो चुकी है।
सड़क पर रोजाना पंचायत क्षेत्र के ऊपरी गांव कराली, रायाशरण, थाना, जगूनी, सनेई, पनोली, डंसा और बाहलीधार के लोग सफर करते हैं। गुरजीत हुडन, गोवर्धन दास, लायक राम, सब्यसाची मेहता, दिनेश, जयसिंह, जानकी दास, धर्म सेन, तिलक राज और बिहारी लाल सहित कई अन्य लोगों ने सड़क की दयनीय हालत के प्रति चिंता जाहिर की है। वहीं विभाग और सरकार को चेताया कि अगर समय रहते सड़क की दयनीय हालत को सुधारा नहीं गया तो लोग आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के सहायक अभियंता चंद्र कश्मीरी ने माना की सड़क की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर सड़क की पीएमजेएसवाई के तहत मरम्मत कार्य को लेकर ठेकेदार को आदेश जारी किए जा चुके हैं। जगूनी से आगे शेष सड़क पर उखड़ी टारिंग को मौसम साफ होत ही पूरा करवा दिया जाएगा।