संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारीबासा में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का समापन हो गया। समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बनोटी पंचायत के प्रधान ललित कायथ और विशिष्ट अतिथि के तौर पर रमेश तांटा व एसएमसी अध्यक्ष राजेश डेल्थी उपस्थित रहे। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी परमदेव शर्मा ने एनएसएस रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने गांव सारीबासा, देविधार, देविधार बाजार, खंडू महाराज मंदिर, नो थार मंदिर, प्रवासी मंदिर सारीबासा में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान गांव और आसपास के कई जल स्रोतों में सफाई की गई। जाखूनी गांव, शरण, दोगरी, शीरी, देवीधार व देविधार बाजार में सफाई अभियान के साथ रैलियां निकालकर लोगों नशे से दूर रहने और साइबर क्राइम को लेकर जागरूक किया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रेम पाल शर्मा ने शिविर के सफल आयोजन के लिए स्वयंसेवियों को बधाई दी। उन्होंने आने वाले समय में भी इसी तरह से अनुशासन में रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने एनएसएस के विषय में विस्तार से समाज के साथ मिलकर के एनएसएस के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों को मेडल से सम्मानित किया गया।
विवेक और राधिका चुने बेस्ट वालंटियर
शिविर में बेस्ट वालंटियर बॉय विवेक रजवान और बेस्ट वालंटियर गर्ल राधिका को घोषित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रिंस, लक्ष, बलवंत, दृष्टि, रंजना व पायल को भी सम्मानित किया गया। महिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता शर्मा ने सभी मेहमानों का धन्यवाद किया। समापन समारोह में विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित रहे।