किन्नौर में कोरोना के सात नए मामले
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार को जिले में सात लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने 368 सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इसमें 5 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं आईजीएमसी शिमला भेजे गए 346 सैंपलों में 2 सैंपल पॉजिटिव हैं। पॉजिटिव आने वालों में 3 मामले कोठी, 2 सुंगरा, एक युवारंगी और एक मामला यूला गांव से हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी कहा कि जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 39 हो गई है। जिले में अभी तक 67567 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 64163 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अभी तक कुल 3364 मामले पॉजिटिव आए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के कारण 38 रोगियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है।