ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की एकमात्र सबसे बड़ी सिंचाई योजना कुर्पन खड्ड़ से बनोखरी धार ननखड़ी सिंचाई योजना लगभग बनकर तैयार हो गई है। जल्द क्षेत्र के लोगों को इस सिंचाई योजना का लाभ मिलेगा। 13. 80 करोड़ की लागत से बनी इस सिंचाई योजना से 8 पंचायतों के लोगों को फायदा होगा।
इस सिंचाई योजना को जल्द लोगों को समर्पित करने से पहले शुक्रवार को जल शक्ति विभाग एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी विभाग की जॉइंट इंस्पेक्शन की गई। इस इंस्पेक्शन में सिंचाई योजना में जो छोटी कमियां रह गई थी, उन कमियों को जलशक्ति विभाग एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी विभाग मिलकर दूर कर इस योजना को जल्द से जल्द क्षेत्र के लोगों को समर्पित करेंगे। इस योजना से ननखड़ी तहसील की 8 पंचायतें लाभान्वित होंगी। इनमें ग्राम पंचायत बड़ाच, ग्राम पंचायत देलठ, ग्राम पंचायत बड़ोग, ग्राम पंचायत थाना, ननखड़ी ग्राम पंचायत करागला, ग्राम पंचायत भगलटी पुन्न की पंचायतों को सिंचाई योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना के बनने से ननखड़ी क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में पानी की समस्या जल्द से जल्द दूर हो जाएगी। इस अवसर पर एक्सईएन जल शक्ति विभाग रामपुर आरएस नेगी, एक्सईएन हिमाचल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड रामपुर कुकू शर्मा, एसडीओ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड रामपुर राजेश चंदेल, एसडीओ जल शक्ति विभाग ननखड़ी राकेश नेगी, जल शक्ति विभाग एवं स्टेट इलेक्ट्रिसिटी विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।