आनी (कुल्लू)। आनी की दर्जनों पंचायतों को लाभान्वित करने वाली नगान-श्वाड सड़क के बीच खतरनाक बनी करंथल ढांक को काटने और सुरक्षित करने के लिए लोनिवि ने कार्य शुरू कर दिया है। लोनिवि ने क्षेत्रीय जनता से सहयोग मांगते हुए कटिंग करने के दौरान ट्रैफिक रोकने और बहाली के लिए समयसारिणी जारी की है। काम वीरवार से शुरू हो गया है।
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि करंथल के पास बीते वर्ष बरसात के दौरान ढांक दरकने से पहाड़ी का एक हिस्सा खतरनाक बन चुका है। इससे यहां हादसे का खतरा बन गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से ढांक की कटिंग के लिए बजट उपलब्ध करवाने के बाद कार्य को ठेकेदार के सुपुर्द कर दिया गया है। कार्य को पूरा करने के लिए नगान-श्वाड सड़क पर ट्रैफिक 10 मार्च तक प्रभावित रहेगा।
करंथल के दोनों ओर दस मार्च तक शाम साढ़े आठ बजे से सुबह दस बजे तक सड़क बहाल रहेगी। सुबह दस से 11 बजे तक सड़क को बंद रखा जाएगा। जिसे 11 से 11:30 बजे तक फिर बहाल किया जाएगा। 11:30 से 12:30 बजे तक बंद, जबकि 12:30 बजे से 1 बजे तक सड़क खुली रहेगी। 1 से 2 बजे तक सड़क बंद रहेगी। जबकि 2 से 2:30 बजे तक सड़क खुली रहेगी। 2:30 से 3:30 बजे तक सड़क बंद रहेगी और 3:30 से 4 बजे तक सड़क खुली रहेगी। 4:30 से 5:30 बजे तक सड़क बंद रहेगी। 5:30 से 6 बजे तक सड़क खुली रहेगी। 6 से 7 बजे तक सड़क बंद रहेगी। 7 से 7:30 बजे तक सड़क खुली रहेगी। इसी तरह 7:30 से 8:30 बजे तक सड़क बंद रहेगी, जिसके बाद सुबह 10 बजे तक सड़क खुली रहेगी। कुछ दिनों वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने से जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के दिन सड़क खुली रखी जाएगी।