देवता साहिब बूढा महादेव अपने यात्रा के दौरान। संवाद
नित्थर (कुल्लू)। जिला कुल्लू में देव परंपराओं की विभिन्न झलकियां देखने को मिलती हैं। ऐसा ही नजारा जिले के आउटर सराज की उपतहसील नित्थर में देखने को मिला, जब देव परंपरा का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के आराध्य देवता बूढ़ा महादेव कूपरदढ़ के लिए रवाना हुए। करीब तीन वर्ष के बाद धनाह गांव पहुंचे देवता बूढ़ा महादेव की रथयात्रा के साथ सैकड़ों ग्रामीण और देवलु इस परंपरा के गवाह बने। ढोल नगाढ़ो की थाप पर देवता धनाग गांव से निकले।
रथयात्रा जय बूढ़ा महादेव के जयकारों के साथ घरोली गांव से होकर निकली। कूपरदढ़ में महादेव तीन दिनों तक देवलुओं के साथ रहेंगे। 11 प्रविष्टिे को कूपरदढ़ में मेला सजता है जबकि 12 प्रविष्टिे को देवता साहिब बूढ़ा महादेव की रथयात्रा बारह भादो के मेले के लिए निकलती है। बूढ़ा महादेव मंदिर कमेटी के कार्यकारी कारदार ताबे राम ठाकुर ने बताया कि शनिवार को महादेव के दर्शनों के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और उन्होंने पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।