रामपुर बुशहर। प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग के लाख दावों के बावजूद उपमंडल रामपुर के 15/20 क्षेत्र की दुर्गम पंचायत फांचा को जोड़ने वाली सड़क बीते कई एक वर्ष से खस्ताहाल है। हालत यह है कि सड़क गड्ढों में तबदील हो चुकी और आवाजाही करने के लिए बसों के चालक-परिचालक और स्थानीय लोग गड्ढों को भर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से सड़क की हालत सुधारने की मांग उठा रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसको देखते हुए ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर सड़क को नहीं सुधारा गया तो ग्रामीण विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।
स्थानीय निवासी फांचा विद्या देवी सुनेल, सीता देवी सुनेल, अंजू मेहता, अनिता सुनेल, चंद्रेश मेहता, कमलेश सुनेल, शारदा सुनेल, कल्पना जोस्ट, गीता नेगी, माया देवी, जिदी देवी, चंद्रमणी, निशा, अनीता चौहान, रेखा देवी, फूला देवी, कुसुम लता और मती भाग देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही सेब सीजन शुरू होने वाली है, लेकिन गानवी से फांचा तक सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि अभी बरसात शुरू ही हुई है और सड़क की हालत दयनीय हो गई है। इस वजह से लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क की निकासी नालियां जगह-जगह पर बंद पड़ी हैं। इस वजह से सड़क को अधिक नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की अनदेखी के कारण एचआरटीसी बस के चालक और परिचालक, स्थानीय लोग सड़क के गड्ढे भरकर किसी तरह से आवाजाही कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से एक सप्ताह में सड़कों की हालत को जल्द सुधारने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता रजनीश बहल ने बताया कि सड़क की हालत जल्द सुधारी जाएगी। सेब सीजन से पहले सड़क की उचित मरम्मत करवाई जाएगी।