आनी (कुल्लू)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र के रघुपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा ताकि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को नई राहें, नई मंजिलें योजना में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र की दूरवर्ती पंचायत करशेईगाड के देहुरी में लगभग 70 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने श्वाड़ में जल शक्ति विभाग के उपमंडल कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कार्यालय के खुलने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 6.77 करोड़ रुपयेे की आनी खंड के कुंगश और कराणा में बागवानी क्षेत्र के लिए उठाऊ सिंचाई योजना, आनी खंड में 1.23 करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन के तहत दोहाड़ खड्ड से ग्राम पंचायत फनौटी और करशाई गाड के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना, 1.01 करोड़ रुपये की बहाव सिंचाई योजना सीन रोपा कूहल के कमांद क्षेत्र विकास, जल जीवन मिशन के तहत 5.55 करोड़ रुपये की करशाई गाड और विशलाधार गांवों के लिए जलापूर्ति योजना करसई गाड, बिशलाधार के संवर्द्धन कार्य, जल जीवन मिशन के तहत निरमंड खंड में ग्राम पंचायत चायल, सराहन, नोर और रोहाणू गांवों के लिए 5.61 करोड़ रुपये लागत से विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के संवर्द्धन कार्य, ग्राम पंचायत तुनन, पोशणा, थाचवा, जगातखाना, चाटी और ब्रो के लिए समेज खड्ड से 9.58 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना के संवर्द्धन, 1.59 करोड़ रूपये की जलापूर्ति योजना अवेरी के लिए अतिरिक्त स्रोत के दोहन, जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत सरगा में 5.33 करोड़ रूपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना शिल्ला बौना के संवर्द्धन कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा आनी खंड में जल जीवन मिशन के तहत 14.72 करोड़ की खुन बांदल, डुगा शिगाण, जाबण नमहोग, बखनाउ, मण्झादेश, चवाई, करशाई गाड, रोपा, शवाड़ और बिशलाधार पेयजल योजना, आनी में 6.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सब्जी मंडी, जलोड़ी जोत में 5.71 करोड़ के नेचर इंटरप्रिटेशन एवं सर्विस सेंटर, बागीपुल में नोर से बजीर बावड़ी सड़क पर 4.49 करोड़ रुपये की लागत से कुरपण खड्ड पर बनने वाले 35 मीटर लंबे डबल लेन पुल, बडिंगचा में 1.29 करोड़ रुपये की लागत से जाओं-ओडीधार सड़क पर कुरपण खड्ड पर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया।