चौपाल में हुए सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन
- फोटो : RAMPUR-HP
चौपाल (रोहडू़)। नेरवा-शिमला मुख्य मार्ग चाढ़चधार के समीप मंगलवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह उस समय पेश आया जब कार सवार चौपाल से नेरवा की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान चाढ़च धार के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब सात सौ मीटर नीचे हामलटी खड्ड में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के वाहन के परखच्चे उड़ गए। इससे वाहन में सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से शव का खाई से निकाला।
मृतक की पहचान नरवीर पंवार (32) पुत्र किरपा राम पंवार गांव मशौत (कुपवी) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।