रामपुर बुशहर। रामपुर पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले शातिर को दबोचा है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए चार सिलिंडर, दो एलईडी, एक लैपटॉप और लकड़ी कटर बरामद किया है।
आरोपी की पहचान देवेंद्र निवासी निरमंड के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि बीते 5 जून को एक मामला पुलिस थाना रामपुर में दर्ज हुआ था, जिसमें रामपुर से समीप स्विचयार्ड में खड़ी गाड़ी के शीशे तोड़कर लैपटॉप चोरी की बात सामने आई थी।
पुलिस ने इस संबंध में छानबीन शुरू की तो पता चला कि आदि शहर और आसपास के क्षेत्रों में किसी न किसी गाड़ी के शीशे तोड़कर सामान चोरी होता रहता है। पुलिस ने सतर्कता बरती और रात्रि गश्त बढ़ाई। इसी बीच पुलिस ने शातिर को चोरी करते हुए पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी से लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी का सामान बरामद किया है।
इसमें ज्यादातर सामान की चोरी की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने चोर को पकड़ने की जानकारी सार्वजनिक करते हुए कहा कि जिस किसी का सामान कुछ दिनों पूर्व गाड़ी से चोरी हुआ है, वह निशानदेही कर प्राप्त कर सकता है।
डीएसपी चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस अपने स्तर पर हर वारदात पर पूरी नजर बनाए हुए है। संदिग्धों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के आम लोगों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।