सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के आखिरी गांव छितकुल में बीते 5 दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। बत्ती गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जहां शादियों का दौर है, वहीं कड़ाके की ठंड है, ऐसे में विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ी हुई हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत बोर्ड से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई है।
गौर हो कि बीते दिनों जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी के बाद छितकुल गांव में बिजली व्यवस्था चरमराई गई। बर्फबारी से जगह-जगह विद्युत लाइनों को क्षति पहुंची हुई है, जिसके कारण गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। हालांकि विद्युत बोर्ड बिजली बहाल करने में जुटा हुआ है। छितकुल पंचायत के प्रधान सुभाष नेगी, उपप्रधान राजेश नेगी, पूर्व उपप्रधान अरविंद नेगी, जियालाल नेगी, मेहर लाल नेगी, यशवंत नेगी, श्रवण नेगी और राजीव नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि 18 अक्तूबर को हुई बर्फबारी के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ऐसे में ग्रामीणों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन और विद्युत बोर्ड से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई है।
उधर, विद्युत बोर्ड रिकांगपिओ के एक्सईएन टाशी नेगी ने कहा कि भारी बर्फबारी के कारण जगह-जगह लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। जल्द ही बाधित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।