आनी(कुल्लू)। जाबन पंचायत के सरौती नाले में रविवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने चाचा को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। सरौती लाने के पास सड़क किनारे में खड़ी वैन से कंबल में लिपटा शव पुलिस ने बरामद किया है। मामले की छानबीन के लिए सोमवार को एसपी कुल्लू मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मंगलवार को फोरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंचेगी।
पुलिस थाना आनी से मिली जानकारी के मुताबिक करसोग क्षेत्र के तीन लोग वैन में रात को आनी आए थे। इसमें पुष्पराज (21), पुत्र लच्छी राम, गांव छियुंड, डाकघर सपनोट, करसोग, जिला मंडी, पियूषराज (23), पुत्र केशव राम, गांव छियुंड, डाकघर सपनोट, करसोग, जिला मंडी और पियूष का ताया इंद्र देव (61) पुत्र सही राम, गांव छियुंड, डाकघर सपनोट, करसोग जिला मंडी शामिल थे।
रविवार रात को पियूष और इंद्रदेव में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हुई, जो झगडे़ में बदल गई। पुलिस की गिरफ्त युवक पुष्पराज ने पुलिस को बयान दिया कि पियूष और इंद्रदेव में आपस में झगड़ा हो गया था और वह मौके से अपनी मौसी के घर गया था। इस दौरान उनका झगड़ा चलता रहा।
सोमवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली और पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो वैन में इंद्र देव का शव संदिग्ध अवस्था में पुलिस को मिला। आरोपी पियूष मौके से फरार हो गया। पुलिस पियूष की तलाश में जुटी हुई है। वहीं पुष्पराज के बयान पर आनी पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा सोमवार देर शाम को मौके पर आनी पहुंचे। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। मंगलवार सुबह फोरेंसिक लैब के विशेषज्ञ मौके पर आएंगे और साक्ष्य जुटाकर घटना के कारणों का पता लगाएंगे।