महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल रामपुर में बाल रोग विशेषज्ञय डा. हरीश नेगी बच्चों को जांच करते हु
बुखार होने पर बरतें सावधानी, हाथ धोएं और पहनें मास्क : डॉ. हरीश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देश के कई राज्यों में एचएमपीवी वायरस के मामले आने के बाद हिमाचल प्रदेश में भी स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। वहीं, इन दिनों खनेरी अस्पताल में भी बुखार के मामले बढ़ गए हैं। बच्चों के साथ व्यस्कों में बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने सावधानी बरतने और सुरक्षा के लिहाज से उचित बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं। गौर हो कि चार जिलों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने वाले खनेरी अस्पताल में बच्चों सहित व्यस्क भी बुखार से ग्रसित होकर पहुंच रहे हैं। हालांकि, एचएमपीवी वारयस से संबंधित ये मामले नहीं है। बुखार से पीड़िति सबसे अधिक छोटे बच्चों के पहुंच रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। खनेरी अस्पताल में रोजाना अति बुखार से पीड़ित बच्चों के 40 मामले सामने आ रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, यह संक्रमित बीमारी है, जो सांसों के जरिये लोगों में फैलती है। ऐेसे में डॉक्टरों ने परिवार में किसी को बुखार होने पर अन्य सदस्यों को मास्क पहनने, समय-समय पर हाथ धोने, गर्म पानी का अधिक इस्तेमाल करने और बाहर के खाने से बचने का आह्वान किया है। यदि आप भी तेज बुखार से ग्रस्त हैं तो सावधानी बरतें और तुरंत चिकित्सकों के पास जाकर उपचार करवाएं।
यह सर्दियों में फैलने वाला वायरल बुखार है, जो बच्चों के साथ साथ व्यस्कों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। अस्पताल में बुखार से पीड़ित करीब 40 मामले रोजाना पहुंच रहे हैं। घबराने की बात तो नहीं, लेकिन वायरल से बचने के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। अधिक बुखार से पीड़ित मरीजों को अस्पताल में एडमिट किया जा रहा है।
- डॉ. हरीश नेगी बाल रोग विशेषज्ञ, खनेरी अस्पताल