संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू) । टमाटर और प्याज के दामों में कमी से आम आदमी को राहत मिली है। बीते साल सितंबर माह तक स्थानीय टमाटर बाजार में आ रहे थे। उस समय भाव 30 से 35 रुपए प्रति किलो रहे। स्थानीय टमाटर सीजन के समाप्त होते ही सप्ताह के भीतर ही दाम 70 से 80 रुपए प्रति किलो तक जा पहुंचे। इसी तरह प्याज भी 70 रुपये प्रति किलो के आस पास रहा। इसी तरह स्थानीय सब्जियों के मार्केट से गायब होते ही फूल गोभी 70 रुपये, बंद गोभी 60 रुपये, मूली 60 रुपये, शिमला मिर्च 100 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंची। इससे सब्जियों के दाम बढ़ जाने से आम आदमी की रसोई का बजट गड़बड़ाना स्वाभाविक है। एक किलो सब्जी खरीदने वाले आधा किलो पर ही मजबूर हो गए। यह वह समय होता है, जब पहाड़ों में उगने वाली सब्जियों का सीजन समाप्त हो जाता है और मैदानों में उगने वाली सब्जियों के मार्केट में आने में कुछ समय होता है, इसलिए हर वर्ष इन महीनों में सब्जियों के रेट अधिक हो जाते हैं। अब मैदानों में उगने वाली कुछ सब्जियां मार्केट में आनी आरंभ हो गई हैं, तो उनके मूल्यों में कुछ कमी आई है, जबकि कुछ के भाव अभी भी आसमान छू रहे हैं।नेरवा में अब टमाटर, प्याज, मूली, गाजर आलू, बंद गोभी और फूल गोभी 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। वहीं, करेला, भिंडी व मटर 100 रुपये व शिमला मिर्च का भाव 80 रुपये प्रति किलो है। कुल मिलाकर कर बीते एक सप्ताह से मूल्यों में आई कमी से आम आदमी को कुछ हद तक राहत मिली है।