संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर पुलिस ने नशे के अवैध धंधे को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत नशे में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वीरवार को किन्नौर पुलिस ने 10.8 ग्राम चिट्टे के साथ सोलन और शिमला के दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने कहा कि किन्नौर के युवा वर्ग को नशीले पदार्थों से दूर रखने के लिए पुलिस प्रयासरत है। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चला रखा है। किन्नौर में पहली बार 28 जनवरी को जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई ने एएसआई शिव देव की अगुवाई में लीला भवन टापरी स्थित निवास से पांच ग्राम चिट्टा बरामद किया था। अब गुप्त सूचना पर वीरवार को जिले के कोठी गांव के पास वाहन संख्या एचपी 14बी-3525 में सवार दो लोगों संजीव ठाकुर निवासी मंझेवड़ी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला और राहुल कौशल निवासी रबौन, जिला सोलन के कब्जे से 10.8 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। पुलिस अब उनसे से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके साथ इस धंधे में और कौन लोग शामिल थे। कहा कि नशे में संलिप्त लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।