पीस मील टेकनिकल वर्कर यूनियन हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम रामपुर में रोष प्रकट करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। परिवहन निगम के पीस मील वर्करों ने मंगलवार से टूल डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर रामपुर डिपो में तैनात पीस मील कर्मचारी ने भी अपने औजार छोड़कर हड़ताल में भाग लिया। संघ ने चेताया कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होती तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन से जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है।
पीस मील तकनीकी वर्कर यूनियन रामपुर के प्रधान नानक चंद ने कहा कि प्रदेश पीस मील कर्मचारी कार्यकारिणी के आह्वान पर रामपुर के कर्मचारियों ने भी हड़ताल का समर्थन किया है। 3 अगस्त को हिमाचल परिवहन निगम के मुख्य कार्यालय में सभी पीस मील कर्मचारियों ने पॉलिसी बहाली के विषय में प्रबंधक निदेशक को मांगपत्र सौंपा था। निदेशक ने कर्मचारियों को 15 अगस्त तक का आश्वासन दिया था लेकिन मांगपत्र पर अभी तक कोई भी सुनवाई नहीं हो पाई है।
इसके बाद हिमाचल प्रदेश के पीस मील वर्करों को मजबूरन 17 से लेकर 26 अगस्त तक का टूल डाउन हड़ताल करने का फैसला लिया है। उन्होंने चेताया कि जब तक कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर उपप्रधान रोशन लाल, प्रेस सचिव शादी लाल, उपाध्यक्ष हितेंद्र मेहता, प्रदीप जिष्टू, शंकर दयाल, उमेश्वर प्रकाश, कुलवंत शर्मा, काहन सिंह, सचिन, जयप्रकाश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।