नेरवा। पुलिस व स्टेट सीआईडी की टीम ने संयुक्त अभियान में 850 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल अश्विनी कुमार, कांस्टेबल बुद्धि सिंह और स्टेट सीआईडी के सब इंस्पेक्टर अमर चंद व कांस्टेबल मनोज कुमार ने हदेऊ कैंची के पास शनिवार शाम को नाके के दौरान एक युवक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान व्यक्ति से 850 ग्राम चरस पकड़ी है। थाना प्रभारी नेरवा फूल चंद ने बताया कि नाके के दौरान पीयोंत्रा मार्ग से एक युवक कंधे पर थैला लटकाए पैदल आ रहा था। पुलिस को देखकर वह हड़बड़ा कर भागने लगा। इस पर पुलिस ने उसे दबोचा और तलाशी ली। आरोपी की पहचान चुन्नी लाल निवासी गांव आप्टुआ, डाकघर नेरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20,61 और 36 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी नेरवा फूल चंद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।