चिट्टे की खेप के साथ चार गिरफ्तार
वजीर बावड़ी पुल के पास गश्त के दौरान पुलिस को मिली सफलता
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले वजीर बावड़ी पुल के पास पुलिस ने छापामारी के दौरान चार लोगों से 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बुधवार को चारों आरोपियों को रामपुर स्थित कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन चारों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम को रामपुर पुलिस के जवान वजीर बावड़ी के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान यहां मार्ग पर आ रहे एक वाहन पीबी-65डब्ल्यू-0707 को पुलिस ने शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में बैठे चार युवकों से 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। युवकों की पहचान सचिन गुप्ता, कुलतार चंद, मोहन सिंह और विकास के रूप में हुई है। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर चारों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।