बिथल में सीटू के कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। परियोजनाओं में श्रम कानूनों को लागू नहीं करने और समय पर वेतन नहीं मिलने को लेकर मजदूरों ने विरोध-प्रदर्शन किया। मंगलवार को लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू ने बीते 3 माह से वेतन न मिलने और श्रम कानूनों को लागू न करने को लेकर बिथल में एसजेवीएन और पटेल कंपनी के कार्यालय के बाहर हल्ला बोला। मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन करने के बाद श्रम कानून को लागू करने के संदर्भ में 5 सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा।
सीटू राज्य उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी और सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप ने कहा कि परियोजना के भीतर काम कर रहे मजदूरों पर कोई भी श्रम कानून लागू नहीं हो रहे हैं। मजदूरों को न तो आईकार्ड दिया जा रहा है और न ही समय पर वेतन मिल रहा है। वेतन मिलने पर सेलरी स्लीप भी कामगारों को नहीं दी जा रही है।
कंपनी में कई मजदूरों को तीन महीने से वेतन नहीं मिला हैं। नियमों के तहत हर महीने की 7 तारीख वेतन मिलना जरूरी है। मगर कंपनी श्रम कानूनों की पूरी तरह से अनदेखी कर रही है।
इसके बाद लूहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने 5 सूत्रीय मांगपत्र लूहरी परियोजना प्रमुख और पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड के प्रमुख को बिथल में दिया। इसके पश्चात दोनों प्रबंधनों के साथ यूनियन की बैठक भी हुई।
इसमें दोनों मैनेजमेंट ने यूनियन की मांगों को माना और मजदूरों को केंद्र सरकार का न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम दर दोगुना देने की हामी भरी। इस मौके पर रंजीत ठाकुर, कपिल ठाकुर, हरदयाल, संसारी, चुनी लाल, मनोहर, दयाल सिंह, सामी राम और सुबोध सहित बड़ी संख्या में कामगार मौजूद रहे।