मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सोनम नेगी के तबादला को रोकने के लिए प्रदेश सरकार को उपायुक्त के माध्यम
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी के स्थानांतरण करने पर व्यापार मंडल रिकांगपिओ ने रोष जताया है। वीरवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजकर उनके स्थानांतरण को तुरंत प्रभाव से रोकने की मांग की।
व्यापार मंडल रिकांगपिओ के अध्यक्ष और प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी का किन्नौर से तबादला कर दिया गया है, जो किन्नौर की जनता के साथ धोखा है। डॉ. नेगी बहुत ही ईमानदार छवि के व्यक्ति हैं और उन्होंने किन्नौर जिले में कोरोना संक्रमण के दौर में सराहनीय कार्य किया है। इस कारण किन्नौर में कोरोना संक्रमण को रोकने में स्वास्थ्य विभाग सार्थक साबित हुआ है। व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से किन्नौर की जनता के जनहित को देखते हुए डॉ. सोनम नेगी का तबादला तुरंत रद्द करने की मांग की है।
उपायुक्त से मुलाकात कर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से राहत की गुहार लगाई है। बता दें कि डॉ. सोनम नेगी का डायरेक्टर ऑफ हेल्थ सर्विस शिमला के पद पर तबादला किया गया है। इनके स्थान पर खनेरी अस्पताल के डॉ. सुनील कुमार शर्मा को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में काम करने के आदेश हैं।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात यह है डॉ. शर्मा 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और 18 दिन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य करना पड़ेगा, जबकि इसके बाद यह पद फिर रिक्त हो जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रतिनिधि ताराचंद ठाकुर, संजीव शर्मा, मोहन सिंह, भीम प्रकाश सहित अन्य मौजूद रहे।