भावानगर (किन्नौर)। भारी बारिश का कहर जनजातीय जिला किन्नौर में लगातार जारी है। बारिश के चलते शुक्रवार दोपहर बाद चौरा-रूपी-कंबा मार्ग पर ऊपरी पहाड़ी दरक गई। इससे 40 मीटर मार्ग पर भारी भरकम चट्टानें आ गिरी। इस वजह से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से थम गई है।
यातायात ठप होने से जिले की रूपी वैली, छोटा कंबा और बड़ा कंबा पंचायत के हजारों लोगों का रामपुर और किन्नौर से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण खतरे के साये में पैदल सफर कर अपने-अपने गंतव्य पहुंचने को मजबूर हैं।
रूपी पंचायत प्रधान रामेश्वर राजेल नेगी, कांग्रेस जिला महासचिव विक्रांत नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी छोटा कंबा ठाकुर भगत नेगी, कृष्ण गोपाल नेगी, आशा नेगी, छेड़ुप नेगी और अनिल नेगी सहित अन्य लोगों ने कहा कि मार्ग बाधित हुए 24 घंटे से अधिक समय हो गया है। भारी भूस्खलन होने से मार्ग यातायात के लिए ठप है। इससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में ग्रामीणों को अन्य पैदल रास्तों से होकर पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।
सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी सहित मजदूरों को मार्ग बहाल करने के लिए तैनात कर दिया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द बाधित मार्ग को बहाल करने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ ज्ञान ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी दरकने से 40 मीटर सड़क पर भारी भरकम चट्टानें और मलबा आ गिरा है। बाधित मार्ग को बहाल करने में दो मशीनें और करीब एक दर्जन मजदूर जुटे हैं। जल्द ही सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।