निचार के पलींगी में हुए कार हादसे में दो लोग हुए घायल।
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर के निचार संपर्क मार्ग पर पलिंगी के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो व्यक्ति घायल हो गए हैं। दोनों घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना भावानगर से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह एक कार बरी से भावानगर की ओर आ रही थी। जैसे ही कार निचार संपर्क मार्ग पर पलिंगी के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर 30 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार दो व्यक्ति घायल हो गए हैं। इनकी पहचान वाहन चालक रचित नेगी (34), गांव बरी, तहसील निचार, जिला किन्नौर और सोनू नेगी (21) गांव बरी, तहसील निचार किन्नौर के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि सोनू नेगी (भारतीय सेना का जवान) समदो में ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था। सूचना मिलते ही एसएसआई भावानगर प्रकाश चंद, मुख्य आरक्षी अजय कुमार और आरक्षी सिद्धार्थ की टीम घटनास्थल पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को भावानगर सीएचसी पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद सोनू को आर्मी अस्पताल कड़छम में भर्ती करवाया गया है। चालक रचित को खनेरी अस्पताल रेफर किया गया। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि हादसे में घायलों को प्रशासन की ओर से 5-5 हजार की फौरी राहत दी गई है।
एसपी किन्नौर अशोक रत्न ने कहा कि सड़क हादसे में दो व्यक्ति घायल हुए हैं। दोनों का उपचार चल रहा है। दोनों घायल अब खतरे से बाहर हैं।