जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग किनौर द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान दे
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों में रक्तदान को लेकर खूब उत्साह दिखा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर एवं स्वास्थ्य विभाग किन्नौर के सहयोग से सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में रक्तदान और जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के सचिव निशांत वर्मा ने बताया कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाते हुए पहले सभी रक्तदाताओं की कोरोना जांच की गई।
उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के रक्तदान से तीन रोगियों की जान बचाई जा सकती है। एक स्वस्थ व्यक्ति के दान किए रक्त से आपदा के समय, सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे रोगियों का बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। रक्तदान करने से शरीर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता है। बल्कि अनेक बीमारियां समाप्त हो जाती हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर निशांत वर्मा ने स्वयं धर्मपत्नी के साथ शिविर में रक्तदान किया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को प्राधिकरण की ओर से प्रमाणपत्र से सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. तैहसी और डॉ. कविराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।