ऑनलाइन ठगी से बचाव और ई-कचरे के सही निपटारे का दिया संदेश
पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज़ एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ई-कचरे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां की गईं। इस दौरान साइबर सुरक्षा पर एकांकी प्रस्तुत की गई, जबकि ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता के लिए आनी कस्बे में रैली निकाली गई।
सुबह की सभा में साइबर सुरक्षा पर आधारित एकांकी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर सुरक्षा प्रभारी एवं प्रवक्ता कुशल ठाकुर और कंप्यूटर शिक्षक फकीर चंद के मार्गदर्शन में इस नाटिका ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
इसके बाद इको क्लब के विद्यार्थियों ने प्रवक्ता सीमा, धर्मेंद्र वर्मा और प्रवीण मेहता के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने बैनर और तख्तियों के माध्यम से स्थानीय लोगों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निपटारे और इससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया।
उपप्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है।