संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। जलशक्ति विभाग के आनी मंडल के अंतर्गत श्वाड़ उपमंडल के तहत बढेरानाला-रंगशाल दोघरी पेयजल योजना पिछले एक साल से जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस वजह से रंगशाल और दोघरी के ग्रामीणों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि उन्होंने जलशक्ति विभाग को कई मर्तबा पाइपलाइन को दुुरुस्त करने की मांग उठाई गई है। इसके बावजूद विभाग लाइन दुरुस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है।
स्थानीय ग्रामीण तिलकराज शर्मा, बालकृष्ण ठाकुर, जगदीश ठाकुर, तुलसी देवी, चेतराम ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, डोलासिंह, मीरा देवी, कौशल्या देवी और सीमा देवी का कहना है कि पेयजल पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है। इस वजह से पाइपों में जंग लग चुका है। इससे लाइन जगह-जगह से टूट गई है। इससे पानी की बर्बादी हो रही है तो वहीं कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति से भी लोग महरूम है। लोगाें ने बताया कि लाइन को जुगाड़ करके प्लास्टिक की पाइपों से जोड़कर आपूर्ति की जा रही है। जगह-जगह पाइप टूटे होने के कारण हजारों लीटर पानी रास्ते में ही बह रहा है। उन्होंने बताया कि जलशक्ति विभाग से नई पाइपलाइन को जोड़ने की कई बार मांग उठाई गई है, लेकिन आज तक उनकी मांग पर किसी ने गौर नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि सबडिवीजन कार्यालय उनके घर से महज दो किलोमीटर दूरी पर ही स्थिति है। इसके बावजूद विभाग के अधिकारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने जलशक्ति विभाग से पेयजल लाइन को जल्द दुुरुस्त करने की मांग उठाई है।
इनसेट
तीन दिनों के भीतर पुरानी लाइन की जगह नए पाइप बिछाकर समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
देवीसिंह कौशल, एसडीओ, सबडिवीजन श्वाड़