आनी-चित्रकूट जीपयोग्य सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए चार महीने से बाधित
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। नगर पंचायत आनी के तहसील कार्यालय के साथ लगती आनी-चित्रकूट सड़क पिछले चार महीने अवरुद्ध है। मजबूरी में क्षेत्र के लोगों को मरीजों को पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। इसके साथ ही लोगों ने कई वाहन सड़क बाधित होने से पिछले चार महीनों से फंसे हुए हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन और नगर पंचायत मार्ग को बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार इस मार्ग से क्षेत्र के दोघरी, नागधार, जतानू, खडा, छोटा ओल्वा और ठोबी गांव के सैकड़ों लोगों को लाभान्वित होते हैं, लेकिन चार महीने से सड़क को बहाल नहीं किया जा सका है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के प्रति भारी रोष है। क्षेत्र के विजय बोध ने बताया कि आनी-चित्रकूट सड़क बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने प्रशासन और नपं से सड़क पर गिरे डंगों को जल्द लगाने और सड़क बहाल करने की मांग उठाई है। नगर पंचायत आनी के रानीबेहड़ा वार्ड के पार्षद गुलाब ठाकुर ने बताया कि उन्होंने तहसील कार्यालय के साथ एक गिरे हुए डंगे को लगा दिया है। जबकि बरसात में कुछ अन्य डंगे भी गिरे हैं।
इन्हें जल्द लगवाने को लेकर अतिरिक्त धन राशि की जरूरत है। इसकी मांग कुछ माह पूर्व नित्थर के जनमंच कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे उपायुक्त कुल्लू के समक्ष आनी में रखी गई थी। मगर अभी तक कोई फंड जारी नहीं हुआ है। अगर धनराशि मिल जाए तो तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जल्द धनराशि जारी की जाएगी, जिससे की मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।